कांग्रेस पर साधा निशाना कहा, कांग्रेस कई धड़ों में बट चुकी है
रोहतक में अगले चुनाव में खिलेगा कमल का फूल
भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में मंगलवार को नई अनाज मंडी, रोहतक में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सहकारिता मंत्री श्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अब मुस्लिम लीग बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के मुद्दों का समाधान करने के बजाय हमेशा समस्याएं पैदा करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पूरी तरह गुटबाजी का शिकार है और जनता का विश्वास उससे लगातार खत्म होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रोहतक में भारतीय जनता पार्टी का न तो कोई विधायक है और न ही सांसद, इसके बावजूद भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सक्रिय रहता है। कार्यकर्ता बिना किसी पद या सत्ता के भी पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा में जुटे हुए हैं। ग्रोवर ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में रोहतक की जनता भाजपा को अपना समर्थन देगी और निश्चित रूप से यहां कमल का फूल खिलेगा और विधानसभा व लोकसभा में सरकार में भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है।
अपने संबोधन में उन्होंने संगठन की मजबूती पर विशेष बल देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।