
ग्रोवर बोले, जनादेश पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस करे आत्ममंथन
एसआईआर व सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर चर्चा की, 2 व 3 अक्टूबर को गांव-गांव होंगे कार्यक्रम
ग्रोवर बोले, एशियाई खेलों में प्रदेश के बेटे और बेटियों ने देश का नाम रोशन किया, हमें अपने खिलाड़ियों पर नाज
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बुधवार को स्थानीय सिंचाई विश्रामगृह में एसआईआर व सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव गांव चलने वाले कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 और 3 अक्टूबर को गांव-गांव आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में ग्रोवर ने कांग्रेस द्वारा चुनाव प्रक्रिया और जनादेश को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हरियाणा में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार चोरी से नहीं, बल्कि सरकार द्वारा कराए गए कामों और बड़े फैसलों से बनी है। कांग्रेस को चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से पहले यह आत्ममंथन करना चाहिए कि हरियाणा की जनता ने उसे नकारते हुए भाजपा को अपना समर्थन क्यों दिया।
उन्होंने कहा कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटें जीतकर सरकार बनाई, जबकि कांग्रेस 37 सीटों पर सिमट गई थी। 2009 का उदाहरण देते हुए ग्रोवर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए
कहा कि कांग्रेस को पहले अपने राजनीतिक इतिहास को भी देखना चाहिए। 2009 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए 40 सीटों पर सिमटा दिया था। कांग्रेस ने हजकां पार्टी के विधायकों को तोड़कर कांग्रेस की सरकार बनाई थी। इसके बाद 2014 के चुनाव में हरियाणा की जनता ने कांग्रेस का सुपड़ा साफ कर दिया था।
ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में परिवारवाद, भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार और कथित दलाल व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर जनता में असंतोष रहा। वहीं, बीजेपी सरकार द्वारा रिकॉर्ड 2 लाख से ज्यादा मेरिट पर नौकरी देने, ऐतिहासिक फैसलों और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव जनता के बीच दिखाई देता है। मनीष ग्रोवर ने एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी प्रदेशवासियों और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान दूध-दही और खेल प्रतिभा के लिए रही है। प्रदेश के बेटे-बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश और हरियाणा का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, उनके परिवारों का सहयोग और प्रदेश की खेल नीति मिलकर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। बैठक में ग्रोवर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 2 और 3 अक्टूबर को गांव-गांव जाकर कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए। बैठक में रोहतक ब्लॉक समिति अध्यक्ष खुशीराम हुड्डा, मंडल अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, मंडल अध्यक्ष अमित चौहान, मंडल अध्यक्ष मनोज पहलवान, मंडल अध्यक्ष कुलदीप कौशिक, मंडल अध्यक्ष नवीन शर्मा, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र नांदल, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमित मग्गू, मंडल अध्यक्ष रॉकी सहगल, महंत सतीश दास, कर्नल संदीप नैन, मंडल अध्यक्ष कुलदीप आसन, मंडल अध्यक्ष गीता ओहलायन, मंडल अध्यक्ष भूप सिंह, कलानौर मार्केट कमेटी अध्यक्ष राजू फौजी, महम ब्लॉक समिति अध्यक्ष नवनीत राठी सहित अनेक पार्षद व पदाधिकारी मौजूद रहे।