गाँव गिरावड़ में भिवानी ब्रांच नहर के नजदीक बैंसी रोड पर बने पानी के एक नाले से 44 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान सुंदर पुत्र कपूरा, निवासी गाँव गिरावड़ के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुंदर बीते कल शाम अपने धान के खेतों में कीटनाशक दवाई का छिड़काव करने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह देर रात तक वापस नहीं लौटा। आज सुबह नहर के समीप नाले में उसका शव देखा गया।
प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि खेत में काम के दौरान पैर फिसलने के कारण वह पानी के गहरे नाले में जा गिरा, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में ले लिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।