
अंबानी निवास ‘एंटीलिया’ में प्रस्तुति देने वाला मथुरा का ‘केशव बैंड’ करेगा भजन क्लबिंग
* अयोध्या की विशेष टीम 200 से अधिक ड्रोन्स के जरिए आसमान में दिखाएगी रामलीला के प्रसंग
* फिल्म ‘हनुमान अंश’ की स्टार कास्ट रहेगी मौजूद; युवाओं को नशे से दूर कर सनातन संस्कारों से जोड़ना मुख्य उद्देश्य
रोहतक शहर में इस वर्ष विजयादशमी का पर्व आधुनिक तकनीक और सनातन परंपरा के अद्भुत संगम के साथ मनाया जाएगा। सनातन फाउंडेशन द्वारा आगामी 20 अक्टूबर (मंगलवार) को शाम 4:00 बजे से सुनारिया स्थित पुरानी अनाज मंडी (ओल्ड शुगर मिल ग्राउंड) में एक भव्य ‘सनातन दशहरा उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस ऐतिहासिक आयोजन की रूपरेखा साझा करने के लिए आज एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, वरिष्ठ नेता सतीश नांदल सहित समाज के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण:
* मथुरा के केशव बैंड संग ‘भजन क्लबिंग’:
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4:00 बजे भक्ति संगीत के साथ होगा। पहले दो घंटे मथुरा का प्रसिद्ध केशव बैंड युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहे ‘भजन क्लबिंग’ की प्रस्तुति देगा। उल्लेखनीय है कि इसी बैंड ने हाल ही में मुंबई स्थित अंबानी परिवार के आवास ‘एंटीलिया’ में भी प्रस्तुति दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भजन क्लबिंग की इस अनूठी विधा की सराहना कर चुके हैं।
* 200 ड्रोन्स से आसमान में भव्य रामलीला शो:
उत्सव का मुख्य आकर्षण 10 से 12 मिनट का भव्य ड्रोन शो रहेगा। अयोध्या दीपोत्सव में ड्रोन शो आयोजित करने वाली विशेष टीम रोहतक पहुंच रही है, जो 200 से अधिक आधुनिक ड्रोन्स के माध्यम से आकाश में भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और रामलीला के प्रमुख प्रसंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत करेगी।
* ‘हनुमान अंश’ फिल्म की स्टार कास्ट का आगमन:
कार्यक्रम में दर्शकों के उत्साहवर्धन के लिए हालिया चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की पूरी स्टार कास्ट विशेष रूप से उपस्थित रहेगी और शहरवासियों से रूबरू होगी।
* पारंपरिक रावण दहन:
कार्यक्रम का समापन भव्य आतिशबाजी और पारंपरिक रावण दहन के साथ होगा।
युवाओं को नशे से दूर कर संस्कारों से जोड़ने का संकल्प:
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आयोजकों ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे और भटकाव से बचाकर सनातन धर्म, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्शों और नैतिक मूल्यों से जोड़ना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। परंपरागत रामलीलाओं से आगे बढ़कर इस बार तकनीक और संगीत का ऐसा समन्वय तैयार किया गया है जो सीधे युवा पीढ़ी को आकर्षित कर सके। आयोजन समिति ने रोहतक शहर सहित आसपास के सभी ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सपरिवार पहुंचने का खुला निमंत्रण दिया है।
राहुल गांधी के बयान पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर का पलटवार:
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सनातन और धर्म का आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। राहुल गांधी चाहे जितना प्रयास कर लें, सनातन के आशीर्वाद से मोदी जी निरंतर देश सेवा करते रहेंगे। राहुल गांधी सनातन के मूल विचारों और संस्कारों से अनभिज्ञ हैं; यदि वे इसे समझते, तो इस तरह की अनर्गल बयानबाजी कभी न करते।”
स्थान: पुरानी अनाज मंडी, सुनारिया (ओल्ड शुगर मिल ग्राउंड), रोहतक
दिनांक व समय: 20 अक्टूबर, सायं 4:00 बजे से
आयोजक: सनातन फाउंडेशन, रोहतक