जिला परिषद वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी, 10 पार्षदों ने सौंपे शपथ पत्र

रोहतक। जिला परिषद रोहतक के वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की कवायद तेज हो गई है। वाइस चेयरमैन को पद से हटाने की मांग को लेकर जिला परिषद के 14 में से 10 पार्षदों ने मंगलवार को डीसी के नाम अपने शपथ पत्र एसडीएम आशीष कुमार को सौंप दिए। पार्षदों ने प्रशासन के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी है। वहीं, पार्षदों के अनुसार शेष बचे 3 पार्षद भी अपने शपथ पत्र प्रशासन को सौंपेंगे।
एसडीएम को शपथ पत्र सौंपने पहुंचे पार्षदों ने कहा कि सभी पार्षदों ने एकमत होकर वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा को पद से हटाने की मांग की है। पार्षदों ने उनकी कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि वाइस चेयरमैन के कामकाज के तरीके के चलते जिला परिषद के स्तर पर विकास कार्यों को लेकर बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। उनका कहना था कि जिला परिषद का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।