महम-भिवानी रोड पर स्थित एक पोल्ट्री फार्म में एक नाबालिग लड़की द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका का परिवार पिछले करीब 2 वर्षों से महम निवासी बिजेंद्र पुत्र उमेद सिंह के खेत में बने मुर्गी फार्म (पोल्ट्री फार्म) में काम कर रहा था और वहीं निवास कर रहा था। संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी ने फार्म परिसर में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही थाना महम पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया जा रहा है। किशोरी द्वारा यह कदम उठाए जाने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और फार्म संचालक से पूछताछ कर रही है तथा मामले की गहनता से जांच जारी है।