
नीट परीक्षा में उत्तीर्ण सांपला के होनहार विद्यार्थियों को घर जाकर सम्मानित किया,उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रोहतक, 27 जुलाई 2026। जिला परिषद चेयरपर्सन एवं गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी श्रीमती मंजू हुड्डा ने हल्का गढ़ी सांपला किलोई के मेधावी विद्यार्थियों को उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया, जिन्होंने नीट (NEET) परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इस दौरान उन्होंने सांपला वार्ड-3 निवासी गौरव मित्तल तथा पुरानी अनाज मंडी, सांपला निवासी छवि गुप्ता को नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर उनको परिवार सहित सम्मानित किया। मंजू हुड्डा ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने अभिभावकों को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार के संस्कार, सहयोग और प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मंजू हुड्डा ने कहा कि क्षेत्र के होनहार विद्यार्थियों की उपलब्धियां अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी पूरी लगन, अनुशासन और समर्पण के साथ अध्ययन कर देश और समाज की सेवा करने का आह्वान किया।
इसके उपरांत मंजू हुड्डा ने अपने आवास पर महिला कार्यकर्ताओं के साथ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना।

इस अवसर पर मंजू हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज सेवा, जनभागीदारी, राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाला एक प्रेरणादायी मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रेरक कहानियां देशवासियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से वीर शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। मंजू हुड्डा ने कहा कि कारगिल के वीरों का त्याग और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा तथा देश उनके प्रति हमेशा कृतज्ञ रहेगा।
मंजू हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, ‘वोकल फॉर लोकल’ तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में सभी नागरिकों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं ने भी प्रधानमंत्री के संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना और समाज सेवा तथा राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।