सोशल मीडिया पर बढ़ते अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर आज पंचकूला में हरियाणा विधानसभा की महिला सशक्तिकरण समिति ने सख्त रुख अपनाया है।
समिति की चेयरपर्सन और कालका विधानसभा से भाजपा विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि समिति इस विषय पर अपनी रिपोर्ट हरियाणा विधानसभा में पेश करेगी और सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट पर रोक लगाने की मांग उठाएगी।
शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया का प्रभाव समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं और बच्चों पर पड़ रहा है।
ऐसे में अश्लील और अभद्र सामग्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण समिति इस विषय को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा के समक्ष अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।
वहीं, समिति की सदस्य और झज्जर विधानसभा से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने भी इस मुद्दे पर अपनी सहमति जताई है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर बढ़ रहे अश्लील कंटेंट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की सामग्री समाज के नैतिक मूल्यों और युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही है।
उन्होंने अश्लील कंटेंट पर रोक लगाने की मांग का समर्थन किया।
महिला सशक्तिकरण समिति की ओर से इस मुद्दे को विधानसभा में उठाए जाने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील सामग्री के नियमन को लेकर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।
समिति का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर जिम्मेदार और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी नीतियों और कड़े नियमों की आवश्यकता है।