
जिले के गांव ब्राह्मणवास में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक 20 वर्षीय युवक ने अपनी ही मां की चुन्नी से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका गांव ब्राह्मणवास स्थित मकान में अकेली रहती थी। मृतका का पति बाहर नौकरी करता है, जबकि उसके तीन बच्चे अपने दादा-दादी (सास-ससुर) के साथ सोनीपत में अलग मकान में रहते हैं। आरोपी बेटा सोनीपत से गांव ब्राह्मणवास पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर उसका अपनी मां के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी युवक ने तैश में आकर चुन्नी से अपनी मां का गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई (PGI MS) भिजवा दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्या के पीछे के असल कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है