
प्रधान पद के लिए 8 दावेदार मैदान में, विभिन्न पदों के लिए दूसरे दिन 44 नामांकन दाखिल
रोहतक, 5 सितंबर 2026। जिला बार एसोसिएशन रोहतक के प्रस्तावित चुनाव को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया आज दूसरे दिन पूरी हो गई। दूसरे दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 44 अधिवक्ताओं ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि दोनों दिनों में विभिन्न पदों के लिए कुल 57 नामांकन प्राप्त हुए।
प्रधान पद के लिए आज 7 अधिवक्ताओं ने नामांकन दाखिल किया। इनमें वर्तमान प्रधान दीपक हुड्डा, पूर्व प्रधान अरविंद श्योराण, पूर्व प्रधान दीपक कुंडू, पूर्व प्रधान उमेश भारद्वाज, हरि स्वरूप हुड्डा, रजनीश हुड्डा तथा तेजवीर कुंडू शामिल हैं। इससे प्रधान पद के लिए कुल 8 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
महासचिव पद के लिए आज राजकरण पंघाल, हर्षवर्धन मलिक, बीरेन सुहाग एवं अजय ओहलान ने नामांकन दाखिल किया। इस पद पर अब कुल 5 प्रत्याशी मैदान में हैं।
उप प्रधान (पुरुष) पद के लिए आज मनीष कौशिक, आशीष बुधवार एवं संदीप खत्री ने नामांकन दाखिल किया। इस पद पर अब कुल 4 प्रत्याशी मैदान में हैं।
सह सचिव पद के लिए साक्षी लांबा एवं प्रियंका ने नामांकन दाखिल किया। इस पद पर सबसे कम केवल 2 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
महिला उप प्रधान पद के लिए आज तृप्ता शर्मा, किरण देवी श्योराण, सुशीला देशवाल एवं रीना लौरा धनखड़ ने नामांकन दाखिल किया। इस पद पर अब कुल 6 प्रत्याशी मैदान में हैं।
लाइब्रेरी इंचार्ज पद के लिए देवदत्त शर्मा, निक्कू टांक, धर्मेंद्र हंस, तरुण कौशिक, मनजीत सिंह दाहिमा एवं हेमंत लड़वाल ने आज नामांकन दाखिल किया। इस पद पर वर्तमान में अब कुल 9 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
कार्यकारी सदस्य पद के लिए आज 21 पुरुष एवं 2 महिला अधिवक्ताओं ने नामांकन दाखिल किया। महिला अधिवक्ताओं में निर्मला देवी रुहिल एवं रेनू शर्मा शामिल हैं। कार्यकारी सदस्य पद के लिए कुल 23 अधिवक्ता मैदान में हैं।
अंतिम मतदाता सूची का इंतजार
असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर सुरेंद्र कुमार लौरा ने बताया कि अब अंतिम मतदाता सूची का इंतजार है। मतदाता सूची को लेकर प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों को बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा को अग्रेषित कर दिया गया है। जैसे ही बार काउंसिल पंजाब एवं हरियाणा द्वारा अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी, उसे तुरंत सभी उम्मीदवारों को उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला बार एसोसिएशन रोहतक के इतिहास में पहली बार चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए टेंटेटिव मतदाता सूची लगभग एक माह पहले ही उम्मीदवारों को उपलब्ध करवा दी गई थी।
ईवीएम एवं आधार बायोमेट्रिक मशीन की मांग
रिटर्निंग ऑफिसर ओमप्रकाश पूनिया ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने तथा मतदान के बाद तुरंत परिणाम घोषित करने के उद्देश्य से रोहतक जिला प्रशासन से ईवीएम एवं आधार बायोमेट्रिक मशीन उपलब्ध करवाने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में अधिकतम पारदर्शिता सुनिश्चित करना निर्वाचन समिति की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से आधुनिक तकनीक का उपयोग करने के लिए प्रशासन को मांग भेजी गई है।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें 7 सितंबर को होने वाली नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटिनी) एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पर टिकी हैं।