सुपवा में 123वीं जयंती पर दादा लख्मी को किया याद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ ही लड्डू किए वितरित

रक्तदान शिविर में 37 यूनिट रक्त हुआ एकत्रित

प्रसिद्ध सांग सम्राट, कवि व लोक कलाकार दादा लख्मी चंद की 123वीं जयंती बुधवार को दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए दादा लख्मी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इन आयोजनों में सुपवा परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

सबसे पहले कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने सुपवा परिसर स्थित दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए 123वें जन्मदिन पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा, डीन अकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक, फिल्म एवं टेलीविजन फैकेल्टी के एफसी महेश टीपी, विजुअल आर्ट्स के विनय कुमार, डिजाइन से डॉ शैली खन्ना समेत यूनिवर्सिटी के विभिन्न फैकेल्टी सदस्यों, टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ, इंजीनियरिंग विंग आदि ने दादा लख्मी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने यूनिवर्सिटी के स्टाफ व कर्मियों के बीच दादा लख्मी के जन्मदिन की खुशी साझा करते हुए मिठाई के तौर पर लड्डू वितरित किए। डॉ आर्य ने कहा कि दादा लख्मी चंद के योगदान को देखते हुए उनके नाम पर प्रदेश सरकार ने सुपवा का नामकरण किया हुआ है। ऐसे में हमारी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम दादा लख्मी की सांस्कृतिक विरासत के सरंक्षण में अहम भूमिका निभाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को कला व संस्कृति के प्रति उनके योगदान से अवगत कराया जा सके।

इस दौरान डीएलसीसुपवा व सामाजिक संस्था ‘आप के साथ’ के तत्वावधान में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसकी शुरुआत कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने रक्तदान करके की। संस्था की ओर से महंत थानेश्वर दास, योगाचार्य हरिओम कौशिक, जेपी गौड़ आदि ने डॉ आर्य को बैज लगाया। शिविर के दौरान सुपवा परिवार के 37 सदस्यों ने रक्तदान किया। रक्त एकत्रित करने के लिए रेडक्रॉस व सिविल अस्पताल की टीम डॉ मानसी की अगुवाई में मौजूद रही। डॉ मानसी ने कहा कि दादा लख्मी चंद के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगाना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। शिविर में एकत्रित किया गया रक्त कई लोगों का जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाएगा। रक्तदान करने वालों को रिफ्रेशमेंट भी वितरित की गई।

 

Leave a Comment

और पढ़ें